बॉलिवुड की 'घरौंदा', 'लावारिस', 'हेराफेरी' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हिंदी और मराठी फिल्मों के मशहूर ऐक्टर श्रीराम लागू का मंगलवार को पुणे में निधन हो गया। जैसे-जैसे लोगों को यह दुखद खबर मिल रही है, सोशल मीडिया पर उनके लिए शोक व्यक्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ट्विटर पर ऐक्टर के निधन पर दुख और शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा है, 'श्रीराम लागू बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। सालों तक उन्होंने अपने शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आने वाले कई सालों तक उनके काम को याद किया जाएगा। उनके निधन की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। उनके अपने और चाहने वालों के लिए सहानुभूति। ओम शांति।' फिल्मी सितारे भी उनके निधन पर दुख प्रकट करते नजर आ रहे हैं। बॉलिवुड ऐक्टर ऋषि कपूर ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। बता दें कि श्रीराम लागू का पिछले कुछ दिनों से पुणे के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा पाने में असफल रहे। साथ में आपको यह भी बता दें कि श्रीराम लागू न सिर्फ उम्दा ऐक्टर थे बल्कि वह एक पेशेवर ईएनटी सर्जन भी थे। करियर की बात करें, तो श्रीराम लागू ने 100 से ज्यादा हिंदी और मराठी फिल्में कीं। करीब 40 मराठी, हिंदी और गुजराती नाटक किए। इसके अलावा उन्होंने तकरीबन 20 मराठी प्ले डायरेक्ट भी किए। उनका हिंदी और मराठी सिनेमा में अहम योगदान रहा। लागू ने घरौंदा, लावारिस, हेराफेरी, एक दिन अचानक जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण किरदार निभाए।
from Entertainment News in Hindi, Latest Bollywood Movies News, मनोरंजन न्यूज़, बॉलीवुड मूवी न्यूज़ | Navbharat Times https://ift.tt/36OzaS6

No comments:
Post a Comment